आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
रानीगंज। पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा गठित परीक्षा उड़नदस्ता दल ने शनिवार को वाई एन पी डिग्री कॉलेज रानीगंज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में विश्वविद्यालय के सीसीडीसी प्रो. सुधीर कुमार सुमन एवं स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. विनोदानंद ठाकुर शामिल थे।दल के सदस्यों ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की और परीक्षा संचालन की व्यवस्था को संतोषजनक पाया। यह निरीक्षण कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह, कुलसचिव प्रो. अनंत प्रसाद गुप्ता एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरविंद वर्मा के निर्देशानुसार परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने हेतु किया गया।
प्रधानाचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. अशोक कुमार आलोक एवं सहायक केंद्राधीक्षक डॉ. नूतन आलोक के नेतृत्व में केंद्र पर कड़ी निगरानी बरती गई। मुख्य प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों से मोबाइल, चिट-पुर्जा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट आदि प्रतिबंधित सामग्रियां जमा कराकर ही प्रवेश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उड़नदस्ता दल ने परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुभाष चंद्र सिंह एवं वीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सहायक केंद्राधीक्षक डॉ. नूतन आलोक ने जानकारी दी कि प्रत्येक कक्ष में बार-बार निरीक्षण किया जाता है।पीपुल्स कॉलेज अररिया के बीए सेकंड सेमेस्टर (2024–28) की परीक्षा यहां आयोजित की गई, जिसमें प्रथम पाली में पॉलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स, ज्योग्राफी एवं फिलॉसफी तथा द्वितीय पाली में हिंदी व अरबी विषय की परीक्षा हुई।
कुल 449 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।
विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारी चेतन कुमार, जीविका के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं सहायक पुलिस निरीक्षक छोटे लाल प्रसाद यादव की प्रतिनियुक्ति की गई थी।






















