आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
रानीगंज: पूर्णिया विश्वविद्यालय के निर्देश पर शनिवार को उड़नदस्ता टीम ने कलावती स्नातक महाविद्यालय, कलावती नगर, रानीगंज में चल रही वित्तीय सत्र जून-2025 की स्नातक सेमेस्टर परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। टीम के सदस्य अचानक परीक्षाकक्षों में पहुंचे और विद्यार्थियों की गहन जांच की, किंतु किसी प्रकार की कदाचार सामग्री नहीं मिली, जिससे वे संतुष्ट दिखे।टीम ने परीक्षा केंद्र की आधारभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पंखा, पेयजल व शौचालय की भी जांच की और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उड़नदस्ता टीम का नेतृत्व मैथिली विभागाध्यक्ष सह सीसीडीसी डॉ. एस. एन. सुमन एवं दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. विनोदानंद झा ने किया।टीम ने परीक्षा संचालन में उत्कृष्ट कार्य के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. दयानंद राउत एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. अदीश कुमार की प्रशंसा की।
बताते चलें कि परीक्षा केंद्र पर फारबिसगंज कॉलेज व एमएलडीपीके कॉलेज अररिया के कुल 3200 परीक्षार्थी शामिल हैं। प्रथम पाली में 482 विद्यार्थी उपस्थित रहे जबकि 5 अनुपस्थित, वहीं द्वितीय पाली में हिंदी विषय की परीक्षा में 1553 छात्र-छात्राएं शामिल हुए और 8 अनुपस्थित रहे।परीक्षा संचालन में डॉ. अदीश कुमार, प्रो. सुनील प्रधान, प्रो. प्रभाष चंद्र यादव, प्रो. तबरेज़ आलम, प्रो. रूपा रानी, प्रो. विद्यानंद महतो, प्रो. ज्ञानेश झा, प्रो. चंदन कुमारी, प्रो. सुभाष कुमार समेत अन्य स्टाफ का सहयोग रहा।






















