– सीसीटीवी व तकनीकी अनुसंधान से मिली सफलता, गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
नजरिया न्यूज, अररिया।
17 जून 2025 को अररिया जिले में घटित मक्का लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। यह घटना महलगांव थाना क्षेत्र के पदमपुर इलाके की है, जहां लतीफ आलम, उम्र 45 वर्ष, पिता-इस्लाम, सा० फूलपुर, वार्ड नं0-10, थाना-महलगांव, जिला-अररिया, स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर BR11GF-0177) से मक्का लोड कर गुलाबबाग, पूर्णिया के लिए सुबह 2:45 बजे निकले थे।
रास्ते में जैसे ही लतीफ आलम मटियारी पुल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर ट्रैक्टर व उस पर लदे मक्का को लूट लिया और मटियारी की ओर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अररिया के नेतृत्व में महलगांव थाना अध्यक्ष एवं तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के क्रम में सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन एवं तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से कुछ संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाघ नगर, महलगांव निवासी अभिषेक कुमार मंडल, उम्र 23 वर्ष, पिता-ब्रजकिशोर मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मक्का लूट की घटना में शामिल था। उसकी निशानदेही पर लूटा गया स्वराज ट्रैक्टर एवं लूट में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी सन्नी कुमार, पिता-रॉबिन मंडल, निवासी बाघ नगर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए मक्का की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगाला जा रहा है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सफलता को लेकर अररिया पुलिस ने अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है कि किसी भी अपराध को बख्शा नहीं जाएगा और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।






















