– दोनों आरोपी गोली लगने से घायल, छह मोबाइल व हथियार बरामद
नजरिया न्यूज, नोएडा। संवाददाता रंजीत गुप्ता।
नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने की कोशिश में सेक्टर-39 थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिनांक 19 जून 2025 को गार्डेनिया ग्लोरी, सेक्टर-46 के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने के प्रयास में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-39 थाना पुलिस की टीम सेक्टर-46 के कट पर नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेजी से आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बदमाश भागने लगे और मोटरसाइकिल को तेजी से सेक्टर-49 की ओर मोड़ दिया। पुलिस की एक टीम ने पीछा शुरू किया, जबकि दूसरी टीम ने घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने सेक्टर-42 के जंगल की ओर भागने का प्रयास किया और वहीं से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। मौके पर पकड़े गए दोनों की पहचान सोनू उर्फ मोटा (24 वर्ष) पुत्र अनिल कश्यप और विनय (23 वर्ष) पुत्र सुशील, दोनों निवासी ग्राम जिमाना, थाना रमाला, जिला बागपत के रूप में हुई है। विनय वर्तमान में केशव नगर, थाना लोनी बॉर्डर, गाजियाबाद में रह रहा था।
पुलिस ने दोनों के पास से दो देसी तमंचे, दो खोखा कारतूस (.315 बोर) और छह स्नैच किए गए मोबाइल बरामद किए हैं। इनमें से एक मोबाइल थाना सेक्टर-39 में दर्ज मुकदमा संख्या 293/2025 (धारा 304(2) बीएनएस) से जुड़ा पाया गया है, जबकि शेष मोबाइलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
घायल बदमाशों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश जारी है। नोएडा पुलिस इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मान रही है। मुठभेड़ स्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















