नजरिया न्यूज़ नोएडा, संवाददाता रंजीत गुप्ता। थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम द्वारा दिनांक 20 जून 2025 को रात्रि में चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी जब बहलोलपुर अंडरपास के पास मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें एक गोली लगने से घायल हो गया। यह मुठभेड़ उस समय हुई जब पुलिस द्वारा लगाए गए चेकिंग प्वाइंट पर एक संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के इशारे पर रुकने की बजाय ऑटो चालक ऑटो को तेज गति से एफएनजी सर्विस रोड की ओर भगाने लगा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया, जिसके बाद ऑटो में सवार चार युवक ऑटो को ग्रीन बेल्ट में छोड़कर भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान गौरव उर्फ गोलू पुत्र योगराज निवासी ग्राम शेरपुर, थाना अमापुर, जिला कासगंज, वर्तमान पता बरौला, थाना सेक्टर-49, गौतमबुद्धनगर (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है।
घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और ₹30,000 नकद बरामद किया गया, जो थाना सेक्टर-63 पर दर्ज मु.अ.सं. 266/2025 धारा 305/333(4) बीएनएस से संबंधित बताया गया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने ग्रीन बेल्ट में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया, जिसमें बाकी तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कुमार पुत्र संजय कुमार, आदित्य कुमार उर्फ पलटू पुत्र संजय (दोनों निवासी ग्राम बारी, थाना छतरपुर, मध्यप्रदेश) और अकील पुत्र मोहम्मद ताहिर (निवासी पवन बिहार, थाना खोड़ा, गाजियाबाद) के रूप में की गई है।
तीनों के पास से एक-एक अवैध चाकू और ₹20,000-₹20,000 नकद, कुल ₹60,000 बरामद किए गए हैं। सभी आरोपी वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहे थे और चोरी व लूट की घटनाओं में सक्रिय थे। उनके द्वारा प्रयुक्त ऑटो (UP-16 DT-1073) को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित व साहसी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पूछताछ के दौरान इनके द्वारा की गई पूर्व की चोरी व लूट की घटनाओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है। नोएडा पुलिस का कहना है कि बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश भी जारी है।




















