अररिया नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत LIC ऑफिस के समीप स्थित एक ज़मीन को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां एक पक्ष इस ज़मीन को अपनी संपत्ति बता रहा है, वहीं दूसरा पक्ष दावा कर रहा है कि उन्होंने यह जमीन वैध रूप से खरीदी है। मामला अब न्यायालय और पुलिस दोनों के दायरे में पहुंच चुका है।
इसको लेकर राहुल मिश्रा ने बुधवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विवादित ज़मीन उनकी है, लेकिन उनके ही बड़े भाई रोहित मिश्रा ने इसे किसी और को बेच दिया। राहुल का कहना है कि जब मामला न्यायालय में लंबित है, तो उनके भाई को जमीन बेचने का अधिकार कैसे मिल सकता है। उन्होंने बताया कि इस विवाद को लेकर पहले ही नगर थाना में आठ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। बावजूद इसके, पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
राहुल मिश्रा ने आरोप लगाया कि बुधवार को कुछ लोगों ने उनके ज़मीन पर बने एक प्राइवेट स्कूल को तोड़ दिया। उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल अररिया के पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और नगर थाना को दी, लेकिन फिर भी कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ। दूसरी ओर, दूसरा पक्ष यह कह रहा है कि उन्होंने यह ज़मीन राहुल मिश्रा के बड़े भाई रोहित मिश्रा से वैध रूप से खरीदी है। उनके अनुसार, खरीद-फरोख्त के सारे दस्तावेज मौजूद हैं और वे किसी भी तरह के अवैध कब्जे का हिस्सा नहीं हैं।
फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, यह रिपोर्ट प्राप्त जानकारी और प्रेस वार्ता पर आधारित है। प्रशासन या संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।






















