नजरिया न्यूज। भरगामा।
भरगामा प्रखंड के विषहरिया पंचायत की रहने वाली नाजली खातून ने नीट (नीट-2025) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 599 अंक प्राप्त किए हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ नाजली ने ऑल इंडिया रैंक 1463 एवं कैटेगरी रैंक 848 हासिल कर क्षेत्र का नाम रौशन किया है।
नाजली के पिता मो. शकील अहमद पेशे से एक शिक्षक हैं और वर्तमान में एसएनपीएम विद्यालय में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां अकबरी खातून एक कुशल गृहिणी हैं। परिवार ने नाजली की पढ़ाई में हर संभव सहयोग दिया, जिसका परिणाम आज सामने है।
नाजली बचपन से ही मेधावी रही हैं और उनका सपना एमबीबीएस डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। नाजली की इस सफलता पर क्षेत्र भर में हर्ष का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
पूर्व विधायक अनिल कुमार यादव,
जिला पार्षद नीलम देवी,
जन सुराज पार्टी के नेता चंद्रशेखर सिंह बब्बन,युवा नेता अखियार वक्श चुन्ना,मो मुख्तार,फैज अहमद,मो. हकीम,मो. इकबाल,शादाब अशरफ,जेडी गुड्डू, राजा सहित कई गणमान्य लोगों ने नाजली को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
नाजली की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गौरव की बात है, बल्कि यह गांव और खासकर बेटियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है। ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी सीमित संसाधनों के बावजूद यदि ठान लें तो हर मुकाम हासिल कर सकती हैं यह नाजली ने साबित कर दिखाया है।
नाजली की यह सफलता उस जज़्बे और मेहनत की मिसाल है जो एक सामान्य ग्रामीण परिवेश की लड़की को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकती है। यह खबर न सिर्फ गर्व की बात है बल्कि क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी कुछ बड़ा करने की प्रेरणा देगी।