आज दोपहर एक भयानक विमान हादसे में एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना यह विमान उड़ान संख्या एआई-171 थी, जिसमें 232 यात्री और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे।
यह हादसा भारत के विमानन इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक माना जा रहा है। चश्मदीदों और वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान दोपहर 1:38 बजे जमीन से टकराया और देखते ही देखते आग के एक विशाल गोले में बदल गया। उड़ान भरते समय विमान पूरी तरह ईंधन से भरा हुआ था, जिससे आग की तीव्रता और बढ़ गई।
पायलट ने उड़ान भरने के तुरंत बाद ‘मेडे कॉल’ भेजा था, लेकिन इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल के लगातार प्रयासों के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। रिपोर्ट के अनुसार, विमान अंतिम क्षणों में सिर्फ 825 फीट की ऊंचाई तक ही पहुंच सका और लिफ्ट पाने में विफल रहा।
विमान में सवार लोगों की राष्ट्रीयता इस प्रकार थी:
169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक।
घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। करीब दो दर्जन एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। घटनास्थल पर घना धुआं, जला हुआ मलबा और अफरातफरी का माहौल नजर आया। पुलिस ने इलाके को सील कर यातायात को डायवर्ट कर दिया है।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि वे खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सभी एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर संवेदना जताते हुए लिखा, “मेरी प्रार्थनाएं विमान में सवार सभी लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
डीजीसीए ने पुष्टि की है कि विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल (8,200 घंटे का अनुभव) और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर (1,100 घंटे का अनुभव) के पास थी। एयर इंडिया ने यात्रियों के परिवारों और संबंधित लोगों की सहायता के लिए हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है।
अब इस दुर्घटना की विस्तृत जांच DGCA और अन्य एजेंसियां मिलकर करेंगी।






















