देश की राजधानी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद एयर इंडिया की एक इंटरनेशनल फ्लाइट लंदन के लिए रवाना होते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे का शिकार हुआ विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था, जिसकी उड़ान संख्या AI 171 बताई जा रही है। इसमें 232 यात्री और 10 क्रू सदस्य सवार थे। 
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, विमान ने दोपहर लगभग 1:33 बजे उड़ान भरी, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी गड़बड़ी नजर आई। विमान हवा में असामान्य ढंग से डगमगाने लगा और ऊंचाई पकड़ने में असफल रहा। करीब पांच मिनट तक वह हवा में संघर्ष करता रहा और अंततः दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद शहर के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
टकराने के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और वह आग के गोले में तब्दील हो गया। घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि विमान जमीन से टकराते ही एक जोरदार धमाका हुआ और फिर आसमान में धुएं का विशाल गुबार उठने लगा।
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। घटनास्थल पर कम से कम दो दर्जन एंबुलेंस को तैनात किया गया है। कई घायलों को अहमदाबाद के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, हालांकि मरने वालों की संख्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस प्रशासन ने रिहायशी इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास के रास्तों को डायवर्ट कर दिया गया है ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।
इस घटना को लेकर एयर इंडिया ने एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है:
“अहमदाबाद-लंदन गैटविक की फ्लाइट AI 171 आज एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में शामिल हुई है। हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं और आवश्यक विवरण एकत्रित कर रहे हैं। यात्रियों और क्रू के परिवारों के साथ हम लगातार संपर्क में हैं।”
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि वे स्वयं हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने सभी आपातकालीन और नागरिक उड्डयन एजेंसियों को तत्पर और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और विमान के ब्लैक बॉक्स को ढूंढ़ने की प्रक्रिया भी जारी है। यह हादसा देश में नागरिक उड्डयन की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से गंभीर सवाल खड़े करता है।






















