– जैव विविधता पार्क में प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण के लिए विशेष पहल
नजरिया न्यूज़, अररिया। विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर अररिया जिले के जैव विविधता पार्क में सशस्त्र सीमा बल (SSB) 52वीं वाहिनी और वन विभाग अररिया के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस वर्ष पर्यावरण दिवस की थीम “एकल प्लास्टिक” (Single Use Plastic) पर केंद्रित रही। 
SSB 52वीं वाहिनी के कमांडेंट महेन्द्र प्रताप के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बल के जवानों ने जैव विविधता पार्क परिसर में फैले प्लास्टिक कचरे को साफ किया और आम जनता को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पर्यावरण को स्वच्छ रखना सिर्फ सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण से न केवल वातावरण बल्कि जीव-जंतु और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) संजीव रंजन भी उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जरूरत है कि हम एकल प्लास्टिक के प्रयोग को पूरी तरह त्यागें और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में संकल्प लें। उन्होंने विशेषकर युवाओं और बच्चों को इस दिशा में प्रेरित करने की बात कही।
अभियान के दौरान SSB और वन विभाग के अधिकारियों, जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर पूरे जैव विविधता पार्क क्षेत्र की सफाई की और एकत्र प्लास्टिक कचरे को सुरक्षित तरीके से निपटाया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से अररिया जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य न केवल स्वच्छता था, बल्कि समाज को यह भी समझाना था कि प्रकृति की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अभियान में आम लोग, स्कूल के बच्चे, SSB कर्मी, वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।






















