आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर स्थानीय कलावती स्नातक महाविद्यालय, कलावती नगर, में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं ॐ शांति ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रानीगंज शाखा के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण हेतु जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित जनों ने प्रकृति को संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दयानंद राउत ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “पर्यावरण की रक्षा करना केवल एक जिम्मेदारी नहीं, अपितु एक जीवनशैली होनी चाहिए। जब हम प्रकृति को बचाएंगे, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित होगा।”
ॐ शांति ईश्वरीय विश्वविद्यालय की वरिष्ठ प्रतिनिधियों बी.के. ज्योति बहन, बी.के. सोनी बहन, बी.के. गीता बहन एवं बी.के. पूजा बहन ने आध्यात्मिक दृष्टिकोण से पर्यावरणीय संकटों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि “आंतरिक शांति और बाह्य शुद्धता एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं। जब हम भीतर से शुद्ध होते हैं, तो हमारी जीवनशैली भी प्रकृति के अनुकूल बनती है।”
कार्यक्रम में वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। NSS के स्वयंसेवकों द्वारा “हरित पृथ्वी – स्वस्थ जीवन” विषय पर नारा लेखन, पोस्टर प्रदर्शनी, एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. अब्दुर रउफ,प्रो. सुनील प्रधान,डॉ. अवधेश कुमार,प्रो. चन्दन कुमारी,प्रो. चन्द्र भूषण महतो,राहुल कुमार मंडल, राजेंद्र महतो, राजेश ठाकुर, सत्यनारायण साह सहित अनेक गणमान्य शिक्षाविद एवं पर्यावरण प्रेमी। उपस्थित थे






















