- नर्स मनीषा, एएनएम संगीता व गणेश राम को मिला राज्यस्तरीय सम्मान
अररिया, 13 मई।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिले के तीन स्वास्थ्य कर्मियों को बिहार राज्य फ्लोरेंस नाइटिंगल नर्स अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया है। सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मियों में सदर अस्पताल अररिया में कार्यरत नर्स मनीषा कुमारी, जोकीहाट के एचएससी जगता में कार्यरत एएनएम संगीता कुमारी व सिकटी प्रखंड अंतर्गत एचडब्ल्यूसी खोरागाछ के सीएचओ गणेश राम का नाम शामिल है। राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा तीनों कर्मियों को यह सम्मान उनके अनुकरणीय सेवा भाव, कठिन परिस्थियों में कार्य करने की क्षमता, मरीजों के प्रति समर्पण, के लिये प्रदान किया गया है। तीनों कर्मियों को मिले राज्यस्तरीय सम्मान जिला स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह उत्साहित है। गौरतलब है कि बिहार राज्य फ्लोरेंस नाइटिंगेल नर्स अवार्ड एक प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान है, जो नर्सिंग व प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नर्सों व स्वास्थ्य कर्मियों को प्रदान किया जाता है। यह अवार्ड फ्लोरेंस नाइटिंगेल की स्मृति में दिया जाता है। जो आधुनिक नर्सिंग सेवा की जननी मानी जाती हैं।
अनुकरणीय सेवाओं के लिये कर्मियों को मिला सम्मान
जिले के तीनों स्वास्थ्य कर्मियों को यह सम्मान उनके अनुकरणीय सेवा भाव के लिये प्रदान किया गया है। सदर अस्पताल में कार्यरत सीनियर नर्स मनीषा कुमारी को यह सम्मान आपात परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर सेवा प्रदान करने, गंभीर मामलों की बेहतर देखरेख व उत्कृष्ट सेवा व बेहतरीन कार्य के लिये दिया गया है। वहीं एचएससी जगता में कार्यरत एएनएम संगीता कुमारी को सम्मान टीकाकरण, मातृ व शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों के सफलता पूर्वक निवर्हन के लिये प्रदान किया गया है। तो सिकटी के खोरागाछ एचडब्ल्यूसी के सीएचओ गणेश राम को यह सम्मान क्षेत्र वासियों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, गैर संक्रामक रोगों की रोकथाम व स्क्रीनिंग सहित क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी मामलों के प्रति जन जागरूकता फैलाने संबंधी उत्कृष्ट कार्य के लिये प्रदान किया गया है।
कर्मियों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है सम्मान
डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार ने स्वास्थ्य कर्मियों को मिले इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मियों को मिला यह सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति कर्मियों की सामूहिकता व प्रतिबद्धता का प्रतीक है। नर्स मनीषा कुमारी, एएनएम संगीता कुमारी, सीएचओ गणेश राम की सेवा व समर्पण दूसरे अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिये प्रेरणास्पद है।
कर्मियों की मेहनत व सेवाभाव से बेहतर हो रही सेवाएं
सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने राज्यस्तरीय सम्मान प्राप्त करने वाले तीनों कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे जिले के लिये गर्व की बात है। स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति कर्मियों के सेवा व समर्पण के लिये उन्हें इस महत्वपूर्ण सम्मान से सम्मानित किया गया है। जो जिले में लगातार बेहतर हो रहे स्वास्थ्य सेवाओं को दर्शाता है। स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत व सेवा भाव से ही जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है।