नजरिया न्यूज नई दिल्ली।
आज पूरा भारत एक अभूतपूर्व स्थिति में है — एकता, सुरक्षा और सम्मान के साथ खड़ा हुआ। पाकिस्तान की ओर से बार-बार की गई आतंकवादी हरकतों और संघर्षविराम उल्लंघनों के जवाब में, भारत की सख्त और निर्णायक कार्रवाई ने दुश्मनों को स्पष्ट संदेश दे दिया है: अब भारत चुप नहीं बैठेगा।
इस परिवर्तन के केंद्र में हैं हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, जिनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता, स्पष्ट दृष्टिकोण और निडर निर्णय लेने की ताकत ने भारत को एक मज़बूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। आतंकवाद के ख़िलाफ़ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति ने न केवल सुरक्षा बलों को नई ऊर्जा दी है, बल्कि पूरे देश में आत्मविश्वास भी भरा है।
हाल ही में पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम की अपील, भारत की ताक़त और मोदी जी की नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। यह केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि एक नैतिक और राष्ट्रीय गर्व की बात है। आज दुश्मन देश जान चुका है कि भारत अब पुराना भारत नहीं रहा — आज का भारत जवाब देना जानता है, और ज़रूरत पड़ी तो पहले कदम भी उठा सकता है।
हमारे वीर जवानों ने जो शौर्य और बलिदान दिखाया है, वह गर्व का विषय है। मैं, हाजी शकील सैफी, वर्ल्ड पीस हार्मनी का चेयरमैन होने के नाते, भारत की सेना को सलाम करता हूँ और प्रधानमंत्री मोदी जी को उनके दृढ़ निर्णयों के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ। उनके नेतृत्व में न केवल देश सुरक्षित है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान भी बढ़ा है।
हम भारतीय मुसलमान, एक राष्ट्र, एक संविधान और एक प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं। आतंकवाद के ख़िलाफ़ मोदी जी की इस जंग में हम सभी उनके साथ हैं। आतंकवाद का न कोई धर्म होता है, न मज़हब — और जब बात देश की सुरक्षा की हो, तो हर भारतीय एकजुट होकर खड़ा होता है।
मोदी जी की यह सोच — “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और अब सबका प्रयास” — आज भारत को नई दिशा दे रही है। हम सब मिलकर इस देश को आतंक और भय से मुक्त एक शांतिपूर्ण राष्ट्र बना सकते हैं।




















