महिला संवाद कार्यक्रम में डेयरी उद्योग, परिवहन सुविधा और योजनाओं की जानकारी को लेकर महिलाओं ने रखा सुझाव
वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज ब्यूरो, 08मई।
महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएं किशनगंज जिला में डेयरी उद्योग के विकास को लेकर अपनी आकांक्षा और सुझाव व्यक्त कर रही हैं। टेढ़ागाछ प्रखंड के डाकपोखर पंचायत की सुरमी देवी, महिला संवाद के दौरान, दुग्ध संग्रहण केंद्र बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि टेढ़ागाछ प्रखंड में अधिकांश लोगों के आय का साधन, कृषि और पशुपालन कार्य है।ऐसे में डेयरी उद्योग के विकास से पशुपालकों को संगठित रूप से आमदनी का जरिया प्राप्त होगा। स्थानीय बाजार में दूध की बिक्री और खपत में अनिश्चिता के कारण उनकी आमदनी प्रभावित होती है। डेयरी उद्योग के विकास से संस्थागत रूप से उन्हें निश्चित आमदनी की ओर बढ़ने में सहूलियत होगी।
पोठिया प्रखंड के कुसियारी पंचायत की कश्मीरा बेगम ने सरकार की योजना की नियमित रूप से प्रचार – प्रसार की आवश्यकता पर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि इससे हमें सरकार की योजना की पूरी जानकारी मिल सकेगी। हमारी शिकायत, सुझाव को सुनने जानने की जरूरत है। ससमय निराकरण की जरूरत है।
किशनगंज, बिहार -कोचाधामन प्रखंड क्षेत्र बाजार, रेलगाड़ी और बस परिवहन की सुविधाओं से वंचित
इससे पहले महिला संवाद कार्यक्रम में वीडियो फिल्म दिखाए जाने के महत्व को श्रीमती कश्मीरी बेगम ने रेखांकित करते हुए कहा:
योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी वीडियो से प्राप्त हुई। सरकार की योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं का अनुभव वीडियो के माध्यम सुनने को मिला। वीडियो देखने से योजनाओं का लाभ लेने की प्रेरणा मिली।
बगलबाड़ी पंचायत की नूरजमी बेगम ने कहा :कोचाधामन में बस स्टैंड नहीं है।इसकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि किशनगंज एवं अन्य शहरों से आने – जाने के लिए सरकारी बस सेवा की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए,ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। नूरजमी ने यह भी कहा: कोचाधामन क्षेत्र में रेल मार्ग नहीं है।इस कमी के कारण परेशानी हो रही है।बस, ऑटो इत्यादि पर क्षेत्र के लोग निर्भर है।
फिलहाल महिला संवाद कार्यक्रम जिज्ञासा, सुझाव, आकांक्षा व्यक्त करने का माध्यम बन रहा है।महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य पूरा हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि नीतिगत – योजनागत बदलाव हेतु महिलाओं से प्राप्त सुझावों को प्रस्ताव बनाकर सरकार को प्रेषित किया जाएगा।























