वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज, 02मई।
महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएं अपने गांव को आदर्श ग्राम बनाने की शपथ ले रही हैं। बाल विवाह रोकथाम, दहेज मुक्त विवाह के लिए सामूहिक रूप से शपथ ले रही हैं। बच्चों की शिक्षा, उनके सर्वांगीण विकास को लेकर संकल्प ले रही हैं। महिला संवाद कार्यक्रम, महिलाओं को प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। कार्यक्रम में महिलाएं, स्वरोजगार के साधन विकसित कर अपने परिवार की आमदनी बढ़ाने को लेकर शपथ ले रही हैं।सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर प्रगति करने की भी शपथ ले रही हैं। आधी – आबादी की यह प्रेरणादायी पहल प्रगतिशील परिवार, सशक्त समाज की नींव तैयार कर रही है। साथ ही, महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं की बुलंद आवाज़, प्रेरणादायी जीवन अनुभव, आकांक्षा व्यक्त करने का सशक्त जीवंत मंच बन रहा है।
महिला संवाद कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा करते हुए खतीजा खातुन ने बताया कि वे विकलांग हैं, अकेला जीवन जीती हैं। घर में देख भाल करने वाला कोई नहीं है। इस विषम परिस्थिति में सतत् जीविकोपार्जन योजना उनके बेसहारा जीवन में सहारा बनकर आई।
दिघलबैंक प्रखंड के सतकौआ पंचायत की रहने वाली खतीजा खातुन सतत् जीविकोपार्जन योजना का लाभ लेकर मनिहारा सामान की दुकान चलाती हैं। इसकी आमदनी से अपना भरण – पोषण कर रही हैं।
किशनगंज, बिहार – महिला संवाद कार्यक्रम, समस्याओं से लड़ने की कहानी से रुबरू हो रहा समाज-नजरिया न्यूज
खतीजा खातुन दीदी की तकलीफ, संघर्ष की कहानी और उससे बाहर आने की उनकी जिजीविषा, अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।
ठाकुरगंज प्रखंड के छेतल पंचायत की नाहिदा खातुन ने महिला संवाद कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि मेरे घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। पति – पत्नी मजदूरी कर किसी तरह परिवार का गुजर – बसर करते थे। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि बच्चों को पढ़ा – लिखा सके। लेकिन सरकारी विद्यालय में पोशाक, छात्रवृत्ति, मध्याहन भोजन, साइकिल का लाभ मिलने से बच्चों को पढ़ाने में सहूलियत हुई। मजदूरी की आमदनी से ये संभव नहीं था। विभिन्न ग्राम संगठन में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में, गांव – टोलो की स्थानीय आकांक्षा, समस्या भी सामने आ रही हैं। कार्यक्रम में अधिकांश महिलाएं राशन की मात्रा में वृद्धि , पेंशन, आवास, शौचालय निर्माण, छात्रवृत्ति, पोशाक, साइकिल योजना की राशि में वृद्धि के साथ – साथ स्थानीय स्तर पर सड़क, गली – नाली की समस्या, मजबूती से रख रही हैं।























