नजरिया न्यूज। भरगामा
भरगामा पुलिस ने देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस किया बरामद
भरगामा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छापेमारी कर दो जिंदा कारतूस और एक देशी कट्टा बरामद किया है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया।
भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सिरसिया कलां वार्ड संख्या 8 में कुछ युवक अवैध हथियार के साथ अपराधिक घटनाओं की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।
पुलिस ने सबसे पहले रामचंद्र पंडित के नाबालिग पुत्र संजीत कुमार पंडित के घर की तलाशी ली, जहां से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। संजीत को हिरासत में लेने के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गोपाल यादव के पुत्र अखिलेश यादव के घर से एक देशी कट्टा भी बरामद किया। हालांकि, अखिलेश पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार संजीत कुमार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेजा गया है। वहीं, फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को विश्वास है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया गया कि दोनों आरोपी क्षेत्र में पहले भी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।






















