तीनों खिलाड़ियों के चयन से अररिया जिले के क्रिकेट प्रेमियों, खेलप्रेमियों एवं स्थानीय खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को जिले में क्रिकेट के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं और बेहतर खेल माहौल का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।
अररिया जिला क्रिकेट संघ की ओर से कृष कुमार, अमन राज और शिवम कुमार झा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी गई है। संघ के पदाधिकारियों ने तीनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी फिटनेस एवं स्किल कैंप में शानदार प्रदर्शन करेंगे।
बताया गया कि शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को आगामी चयन प्रक्रिया में अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी बिहार अंडर-19 टीम में स्थान बनाने की दौड़ में आगे बढ़ेंगे और वीनू मांकड़ ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में बिहार का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
अररिया जिला क्रिकेट संघ ने कहा कि जिले के तीन खिलाड़ियों का एक साथ शॉर्टलिस्ट होना अररिया क्रिकेट के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे जिले के अन्य युवा क्रिकेटरों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित होंगे।










