नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज। फारबिसगंज स्थित एससीपी कोचिंग सेंटर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ छात्राएं एक फिल्मी गाने पर डांस करती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वायरल वीडियो को लेकर कुछ लोगों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करते समय मर्यादा और संस्थान की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। लोगों का सवाल है कि कोचिंग संस्थान में छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रेरणादायक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ऐसे में वायरल वीडियो को लेकर संस्थान की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता, इसकी रिकॉर्डिंग कब और किस कार्यक्रम के दौरान हुई तथा इसे किस उद्देश्य से बनाया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, संस्थान की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने संबंधित कोचिंग संस्थान की गतिविधियों की जांच कराने और नियमों के अनुरूप कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि इस मामले में जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा विभाग की ओर से कोई संज्ञान लिया जाता है या नहीं।
वहीं, इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













