अररिया, 07 अप्रैल 2025। जिले में महिला सशक्तिकरण एवं समावेशी सुशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला पदाधिकारी श्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में परमान सभागार, समाहरणालय, अररिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य महिला संवाद कार्यक्रम, नगर संवाद कार्यक्रम, एवं अनुसूचित जाति/जनजाति विशेष विकास शिविर के सफल आयोजन हेतु समन्वय स्थापित करना एवं दिशा-निर्देश जारी करना था।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीपीएम जीविका सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
महिला संवाद कार्यक्रम – उद्देश्य एवं आयोजन:
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं सहभागी बनाने के लिए “महिला संवाद कार्यक्रम” का आयोजन जीविका संपोषित ग्राम संगठनों के माध्यम से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में गैर-जीविका से जुड़ी महिलाएं भी भाग ले सकेंगी।
मुख्य उद्देश्य:
-
महिलाओं को सरकारी योजनाओं से अवगत कराना एवं उनके जीवन में आये सकारात्मक बदलावों पर संवाद स्थापित करना।
-
महिलाओं को ग्राम/टोलों की समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें सुलभ भाषा में साझा करने का अवसर प्रदान करना।
-
महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास के मुद्दों पर सुझाव प्राप्त करना।
-
समावेशी एवं सहभागी सुशासन में महिलाओं एवं सामुदायिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना।

कार्य समिति का गठन एवं अनुश्रवण व्यवस्था:
-
जिला स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य प्रमुख विभागों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
-
प्रत्येक ग्राम संगठन स्तर पर महिला संवाद कार्यक्रम का नियमित अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
-
प्रखंड स्तर पर अनुश्रवण समिति भी गठित की जाएगी।
-
कार्यक्रम के उपरांत महिलाओं के मंतव्य एवं अपेक्षाओं की प्रविष्टि संबंधित प्रपत्र में की जाएगी एवं उसका दस्तावेजीकरण भी अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के दायित्वों का निर्वहन करते हुए इन संवाद कार्यक्रमों एवं विशेष विकास शिविरों को जनउपयोगी, समावेशी एवं प्रभावी बनाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा सिर्फ योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से सुशासन को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाना भी है।























