– दवा, जांच, ईलाज व्यवस्था का किया मुआयना, मरीज के परिजनों से जाना ईलाज व्यवस्था का हाल
मोतिहारी, 29 मार्च
एईएस की तैयारियों को लेकर पटना से आई दो सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने गुरुवार को सदर अस्पताल स्थित पीकू वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम में उपस्थित निदेशक प्रमुख राज्य स्वास्थ्य सेवा बिहार पटना डॉ आरएन चौधरी, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार डॉ नरेंद्र कुमार सिंह, डॉ सुनील कु सिंह, तेजेंद्र झा ने सीएस, डीआईओ, डीएस व डॉक्टर से दवाओ की उपलब्धता, जाँच, ईलाज व्यवस्था की जानकारी लेते हुए गहनता से मूल्यांकन किया। वहीं मरीज के परिजनों से ईलाज व्यवस्था के बारे में पूछताछ की।
सिविल सर्जन डॉ रविभूषण श्रीवास्तव ने बताया की एईएस जेई से प्रभावित पूर्वी चम्पारण जिले के मेहसी, चकिया,सदर अस्पताल, सुगौली के पीकू वार्ड का निरिक्षण स्टेट टीम के द्वारा किया गया है।सभी स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों ने दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं की जानकारी स्टेट टीम को उपलब्ध कराई है।स्टेट टीम के डॉक्टरों ने कहा कि समुचित इलाज के लिए सभी आवश्यक दवाएं मौजूद रहनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सा स्टाफ को सतर्क रहने और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। राज्य मुख्यालय के निर्देश पर सभी प्रभावित जिलों में एईएस को लेकर विशेष समिति का गठन किया गया है।
बचाव हेतु किया जा रहा है प्रचार – प्रसार :
डीआईओ डॉ शरत चंद्र शर्मा ने कहा की स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से खासकर प्रभावित क्षेत्रों एवं महादलित टोलो में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा की चमकी को धमकी देने के लिए तीन बातें बताई जाती है, की बच्चे को रात्रि में खाली पेट न सोने दें उसे खाना जरूर खिलाएं, हल्का मीठा जरूर खिलाए ताकि ग्लूकोज की मात्रा में कमी न हो, उसे रात के बीच में या सुबह में जगाएं देखे की बच्चा कहीं बेहोश तो नहीं है,अगर बच्चा बेहोश है तो तुरंत आशा से सम्पर्क कर एम्बुलेंस या निजी वाहन से अस्पताल ले जाएँ, समय व्यर्थ न करें। उन्होंने बताया की इससे बचाव के लिए सभी सरकारी अस्पताल में नियमित टीकाकरण के साथ ही एईएस व जेई का टीकाकरण कराया जाता है।
मौके पर स्टेट टीम में डॉ आरएन चौधरी, डॉ नरेंद्र कु सिँह, डॉ सुनील कु, तेजेंद्र कुमार झा,सीएस डॉ रविभूषण श्रीवास्तव, डीएस डॉ विजय कुमार, डॉ अमृतांशु, डीआईओ डॉ शरत चंद्र शर्मा, अस्पताल प्रबंधक कौशल दुबे, डॉ राहुल राज, डॉ पंकज कुमार एवं डॉ नीरज कुमार,भीडीसीओ रविंद्र कुमार, यूनिसेफ़ के जिला प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार, सिफार से सिद्धांत कुमार, हेड नर्स मीरा सिन्हा उपस्थित थीं।















