नजरिया न्यूज। भरगामा
भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या 14 में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक आग लगने से आठ घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में सात गाय और आठ बकरियां भी झुलस गईं। स्थानीय ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पूर्व मुखिया मिथिलेश राय ने बताया कि अगलगी में जवाहर मल्लाह, जयनारायण साह, उपेंद्र मल्लाह, सुनील मल्लाह, अशोक मल्लाह, गुलाबचंद मल्लाह, लालचंद मल्लाह और सुधीर मल्लाह के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग के कारण अनाज, वस्त्र, फर्नीचर, साइकिल, नगदी, जेवरात और जरूरी दस्तावेज समेत पशुओं का चारा भी जल गया। अनुमानित दस लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पूर्व मुखिया मिथिलेश राय ने बताया कि घर की महिलाएं खाना बनाकर पास के खेत में गई थीं, तभी अचानक घर से आग की लपटें उठने लगीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और अंचलाधिकारी को सूचना दी।
स्थानीय निवासी मंटू राय, सौरव सिंह, पप्पू साह, चुनमुन राय, संतोष साह, कैलाश साह और अर्जुन ठाकुर ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई घर जलने लगे। ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ और साहस से आग को फैलने से रोका और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
पूर्व मुखिया मिथिलेश राय और वार्ड सदस्य बिनोद ठाकुर ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्र ने बताया कि अगलगी की सूचना मिलने के बाद राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















