नजरिया न्यूज। भरगामा
भरगामा प्रखंड के विभिन्न ईदगाह मैदानों और मस्जिदों में सोमवार को ईद की नमाज हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण माहौल में अदा की गई। हजारों अकीदतमंदों ने अल्लाह के दर पर सजदा किया और देश की तरक्की, अमन और भाईचारे की दुआ मांगी।
इस वर्ष प्रशासन के निर्देशानुसार ईद की नमाज केवल ईदगाह और मस्जिदों में ही अदा की गई। विभिन्न स्थानों पर मौलानाओं और हाफिजों ने नमाज अदा करवाई। सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या 3 में मौलाना इशा नोमानी, गजबी ईदगाह में हाफिज हफाजुद्दीन, बीरनगर ईदगाह में मौलाना कामिल साहब, हिंगवा में कारी जियाबुर रहमान और मानुलहपट्टी में हाफिज असलम ने नमाज अदा करवाई।
भरगामा, गजबी, महथावा, बीरनगर, हिंगवा, चांदीघासी, बरमोतरा सहित कई अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। इस दौरान हर जगह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
नमाज से पूर्व मौलानाओं ने तकरीर देते हुए भाईचारे और आपसी सौहार्द का पैगाम दिया। उन्होंने अकीदतमंदों को बुराइयों से दूर रहकर नेक राह पर चलने की सीख दी। नमाज के दौरान हजारों हाथ देश में अमन, शांति और तरक्की के लिए दुआ में उठे।
सुबह 9 बजे से शुरू हुई नमाज में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नमाज अदा करने के बाद अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। चांद रात से ही ईद को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चों में खास तौर पर ईद की खुशी झलक रही थी। वे बड़े उत्साह के साथ बड़ों के साथ नमाज अदा करने पहुंचे और ईदी पाकर प्रसन्न हुए।
ईद की नमाज को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरती। बीडीओ शशिभूषण सुमन, सीओ निरंजन कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहे। एसआई संजय कुमार सिंह, चंद्रप्रकाश प्रसाद, अखिलेश कुमार, सिफैत यादव, राजनारायण यादव, रौशन कुमार, एएसआई विभाष सिंह और मृत्युंजय कुमार सहित सशस्त्र बल के जवानों ने निगरानी रखी और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।
ईद के मुबारक मौके पर मुखिया प्रतिनिधि कुलदीप यादव, सरपंच दशरथ प्रसाद साह, पंसस डॉली देवी, पैक्स अध्यक्ष सुरेश कुमार श्रीवास्तव, पूर्व मुखिया मिथिलेश राय, मणिलाल भगत, जयकृष्ण साह और बिंदेश्वरी दास ने मुस्लिम समुदाय के अकीदतमंदों को मुबारकबाद दी और अमन-चैन का संदेश दिया।






















