भरगामा
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर रहेगी विशेष नजर
ईद के अवसर पर पूरे प्रखंड में पुलिस गश्ती रहेगी मुस्तैद
भरगामा प्रखंड में ईद पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को सभागार भवन में प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण सुमन की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस बल की तैनाती, अफवाहों पर नियंत्रण और सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने पर व्यापक चर्चा हुई।
बीडीओ ने कहा कि पर्व-त्योहार हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश कर सकते हैं, जिसे रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया। अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्र ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की टीमें सोशल मीडिया से लेकर गांव-गली तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगी। उन्होंने आम लोगों से किसी भी संदिग्ध पोस्ट या अफवाह की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि ईद के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। समाज में अशांति फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्व के दिन पूरे प्रखंड क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में शामिल प्रमुख लोग:
एसआई राजनारायण यादव, एसआई रौशन कुमार, पैकपार मुखिया धनंजय सिंह उर्फ भंटू, जिला पार्षद सत्यनारायण यादव, समाजसेवी अशोक कुमार सिंह, राजकुमार गुप्ता, भाजपा नेता सितांशु शेखर पिंटू, समाजसेवी सुमन सिंह, मुखिया भागवत दास, मुखिया प्रतिनिधि कुलदीप यादव, सरपंच दशरथ प्रसाद साह, सरपंच राजकुमार मेहता, पंसस राजा मंडल, सरपंच आजम अनवर, मुखिया प्रतिनिधि दीपक कुमार मुन्ना, बैजनाथ मंडल, अरुण यादव, सतीश कुमार, परवेज आलम, रीना देवी, अनीता देवी सहित अन्य गणमान्य लोग।






















