आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
रानीगंज थाना क्षेत्र के कलावती नगर वार्ड 4 में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रानीगंज थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर निर्मल कुमार यादवेंदु, दारोगा ओमप्रकाश सिंह और चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। वही घटनास्थल पर फोरेंसिक जांच टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्यों को इकट्ठा कर जांच के लिए आवश्यक नमूने अपने साथ ले गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेज दिया। शव की पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी रही। पहले पुलिस शव की पहचान न होने का हवाला देते हुए कागजी कार्रवाई में लगी रही, लेकिन बाद में पता चला कि मृतक की पहचान टुनटुन यादव (35 वर्ष), पिता हरिप्रसाद , निवासी बासाकोल, जसीडीह थाना, देवघर, झारखंड के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस ने राहत की सांस ली और आगे की कार्रवाई शुरू की।
रानीगंज में किराए पर रह रहा था मृतक
थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदु ने बताया कि मृतक टुनटुन यादव लगभग दो वर्षों से रानीगंज के कलावती नगर में हरिकृष्ण साह के किराए के मकान में पत्नी के साथ रहता था। मंगलवार को उसका शव बरामद किया गया।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






















