भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या 4 में बिजली की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। 10 साल पुराने ट्रांसफार्मर और जर्जर तारों के कारण लगातार लो-वोल्टेज व हादसों की आशंका से त्रस्त ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से जोड़-तोड़ कर बिजली आपूर्ति की जा रही थी, जिससे बार-बार चिंगारियां निकलती थीं और तार जलकर गिरने का खतरा बना रहता था। इसके चलते कुंदन राय के दरवाजे पर लगे नल-जल योजना संयंत्र भी ठप हो गया है, जिससे सरकार की महत्वपूर्ण योजना भी प्रभावित हो रही है।
बिजली विभाग की अनदेखी पर रोष
प्रदर्शन में शामिल शंकर राय, कपिल देव राय, सुरेश राय, विजेंद्र राय, पवन राय, रामकुमार साह, सुरेंद्र साह, राजेश साह सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली के तार घरों के ऊपर से गुजर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
इस मामले पर कनीय विद्युत अभियंता अनुराग कुमार ने कहा कि जल्द ही जर्जर तारों को बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि कई महीनों से सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
गांव के लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल जर्जर तारों को बदलने की मांग की है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।






















