नजरिया न्यूज, भरगामा। जीतू दास।
प्रखंड क्षेत्र वीरनगर पूर्व व भरगामा पैक्स में सहकारिता विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में किसान सहकारी चौपाल सह नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सहकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान रेणु संस्कृति मंच के द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें किसानों को सहकारी समितियों, कृषि ऋण, बीज-उर्वरक आपूर्ति, विपणन सहायता और अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। नाटक के कलाकारों ने रोचक और व्यावहारिक ढंग से बताया कि सहकारिता मॉडल के तहत किसान कैसे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं और कृषि कार्यों में अधिक उत्पादन कर सकते हैं।
फोटो परिचय : नुक्कड नाटक प्रस्तुत करते कलाकार
इस आयोजन में सैकड़ों किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और अधिकारियों ने किसानों को बताया कि सहकारिता के माध्यम से वे कृषि लागत में कमी, उत्पादकता में वृद्धि और विपणन में सहूलियत प्राप्त कर सकते हैं। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पैक्स (प्राथमिक कृषि सहकारी समिति) के लाभ, कृषि यंत्रीकरण योजना, जैविक खेती प्रोत्साहन योजना सहित कई सरकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किसानों को सहकारी समितियों से जुड़ना होगा और समय पर आवेदन करना होगा। कार्यक्रम में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जयशंकर झा ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सहकारिता विभाग किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने और कृषि को उन्नत बनाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगा। 
इस आयोजन से उपस्थित किसान काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिलती है और वे अपने हक का लाभ उठा सकते हैं।
मौके पर पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष सुनील कुमार, पैक्स अध्यक्ष देशराज मंडल, पूर्व मुखिया बबलू रजक ने कहा ऐसे कार्यक्रम से किसानों को सहकारिता की ताकत और सरकारी योजनाओं के महत्व को समझने का बेहतरीन अवसर मिला, जिससे वे अपने भविष्य को और अधिक सुरक्षित और समृद्ध बना सकें।






















