= एक स्टोर और उसके भीतर रखा खाद्यान्न, रजाई-गद्दा सहित अन्य सामन व आठ टेंट को पहुंची क्षति
अनिल उपाध्याय नजरिया न्यूज ब्यूरो पूर्वांचल, 15फरवरी।
शनिवार को महाकुंभ स्थित सेक्टर 19 में कई पंडालों में आग लग गई। सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाया। पुलिस बल के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई थी।
लोगों ने बताया कि कई पंडालों को इससे क्षति पहुंची है। फिलहाल किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है।
बताया गया है कि महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर 19 में शास्त्री ब्रिज एवं रेलवे ब्रिज की बीच मोरी मार्ग पर लवकुश सेवा मंडल धाम, अयोध्या का शिविर है। यहां कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अलग-अलग टेंट बनाए गए थे जो अगलगी की जद में आ गए।
महाकुंभ, प्रयागराज -शनिवार को सेक्टर 19 में कई पंडाल अगलगी से राख हो गए ।सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाया
फिलहाल,कल्पवासियों के जाने के बाद टेंट खाली हो गए थे। शिविर को भी हटाने का काम चल रहा है। इसी बीच शनिवार शाम अचानक एक टेंट में आग लग गई। धुंए का गुबार और आग की लपटें आसमान में उठने लगी, जिसे देख श्रद्धालुओं व दूसरे शिविर में रहने वालों में खलबली मच गई।
लोगों ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंच गई। एडीजी जोन भानु भास्कर और डीआइजी महाकुंभ वैभव कृष्ण भी आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों के साथ पहुंचे। सभी टीमों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया, मगर तब तक एक स्टोर और उसके भीतर रखा खाद्यान्न, रजाई-गद्दा सहित अन्य सामन व आठ टेंट जल चुके थे।

















