प्रतिभा सिंह, नजरिया न्यूज संवाददाता नई दिल्ली, 16फरवरी।
महाकुंभ में संगम स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से शनिवार रात लगभग आठ बजे दुखद हादसा हो गया। जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। 25 से अधिक घायल हो गए ।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर घटना का जायजा लिया और मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के स्वजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
नई दिल्ली – नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ , भीड़ और बदइंतजामी से मची अफरातफरी में कुचलने से 18 लोगों की मौत
घटना प्लेटफार्म नंबर 14/15 पर रात करीब साढ़े आठ बजे हुई।
मौजूद लोगों ने बताया कि प्रयागराज की ओर जाने वाली दो ट्रेनों के यात्री इंतजार कर रहे थे, लेकिन ये ट्रेनें नहीं पहुंचीं, जिससे प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ एकत्रित हो गई। जिसमें कुछ लोग गिर पड़े और भीड़ में कुचल गए।
बताया जाता है कि वाराणसी जाने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस के प्लेटफार्म पर खड़ी होने से उसके यात्री भी प्लेटफार्म पर पहुंचना शुरू हो गए। ऐसे में भीड़ बढ़ गई और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई इंतजाम न होने के कारण धक्का-मुक्की होने लगी और अचानक भगदड़ मच गई। इससे कुछ लोग प्लेटफार्म पर गिर पड़े और भीड़ में कुचल गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। 18लोगों की मौत पुष्टि हुई है। 25लोग घायल बताए जाते हैं। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लोकनायक अस्पताल प्रशासन ने देर रात 10 महिलाओं सहित 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है। जबकि तीन लोगों की मौत लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज के अस्पताल में हुई है। इन अस्पतालों में कई घायल भर्ती हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों और घायलों के स्वजन तथा संबंधी अस्पतालों में बिलख रहे हैं।

















