- सरकार की ओर से पॉक्सो एक्ट के स्पेशल पीपी डॉ श्याम लाल यादव ने आरोपी को फाँसी देने की अपील की
नज़रिया न्यूज़ (रूबी विनीत), अररिया।
न्यायमण्डल अररिया के जिला व षष्ठम अपर सत्र न्यायाधीश सह पॉक्सो अधिनियम के विशेष न्यायाधीश अजय कुमार की अदालत ने 15- 16 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रमाणित होने पर जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के ललिया गांव के रहनेवाले विक्रम पंडित पिता ग्यानन्द पंडित को उम्रकैद की सज़ा सुनाई है।
पॉक्सो एक्ट के स्पेशल पीपी डॉ श्याम लाल यादव ने बताया कि आरोपी विक्रम पंडित को कारावास की सज़ा के अलावा भादवि की धारा 376 में 50 हज़ार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
वही, जुर्माना की राशि जमा नही होने पर आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास की सज़ा भुगतने का आदेश जारी किया गया है।
इसके अलावा विक्टिम कंपनसेशन फण्ड के रूप में 06 लाख रुपए देने का भी आदेश जारी किया गया है।
इसमे 03 लाख रुपए पीड़िता को देय होगा। शेष बचे 03 लाख रुपए पीड़िता के पुत्र के नाम से किसी नेशनालाइज बैंक में फिक्सड डिपॉजिट करने का आदेश जारी किया गया है।
यह आदेश स्पेशल (पॉक्सो) 13/2014 जोकीहाट थाना कांड संख्या 199/2013 दिनांक 27 जुलाई 2013 मे पारित किया गया है।
पॉक्सो एक्ट के स्पेशल पीपी डॉ श्याम लाल यादव एवं सुचिका के अधिवक्ता क्रमशः के के झा व अधिवक्ता सोनी कुमारी ने संयुक्त रूप से बताया कि घटना के समय आरोपी विक्रम पंडित 10 वा कक्षा का छात्र था।
जबकि पीड़िता सातवीं कक्षा मे पढ़ती थी। दोनो मे प्रेम संबंध हो गया था। आरोपी शादी का प्रलोभन देकर कई बार शारिरिक संबंध स्थापित करने लगा। जिससे सुचिका सह पीड़िता गर्भवती हो गई। परिजनों को बताने पर लड़का के परिजनों ने शादी करने से इंकार कर दिया। केस दर्ज होने के पहले ही पीड़िता सह सुचिका ने एक पुत्र को जन्म दिया था।
कोर्ट में सरकार की ओर से साक्ष्य प्रारंभ किया गया. जहाँ सभी साक्षियो ने घटना का पूर्ण समर्थन किया।
साक्षियो के बयान से संतुष्ट होकर न्यायालय के न्यायधीश अजय कुमार ने आरोपी विक्रम पंडित को दोषी पाया।
जबकि आरोपी की 57 वर्षीय माँ रीता देवी को साक्ष्य के आभाव में रिहा किया गया।
सज़ा के बिन्दू पर सरकार की ओर से पॉक्सो एक्ट के स्पेशल पीपी डॉ श्याम लाल यादव ने आरोपी विक्रम पंडित को फाँसी की सज़ा देने की प्रार्थना की।
जबकि बचाव पक्ष से अधिवक्ता चंद्र कांत मिश्रा व विष्णुकांत मिश्रा ने कम से कम सज़ा देने की गुहार लगायी।






















