- पुण्यतिथि पर राष्ट्रपिता को कर्मियों ने दी श्रद्धांजलि, सेवाओं की बेहतरी का लिया संकल्प
अररिया, 30 जनवरी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथ एनटीडी दिवस व राष्ट्रीय कुष्ठ दिवस के रूप में मनाया गया। इसे लेकर स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता संबंधी कई कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसमें नेगलेक्टेड ट्रॉपिकल डिजीज फाइलेरिया, कालाजार, मलेरिया, डेंगू चिकनगुनिया कुष्ठ, सर्पदंश रैबीज जैसे रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। वहीं कुष्ठ रोगियों के प्रति राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सेवा व समर्पण भाव को याद करते हुए पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। जिला कुष्ठ निवारण केंद्र द्वारा इसे लेकर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप की अगुआई में स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मियों ने कुष्ठ रोगियों को जरूरी इलाज के लिये प्रेरित करने व उनके साथ होने दवाले किसी तरह के भेदभाव को रोकने व रोग से बचाव के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने का संकल्प लिया। मौके पर एसीएमओ सह डीआईओ डॉ मोईज, सीडीओ डॉ ओपी मंडल, डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार, डीपीसी राकेश कुमार, डीएनटी जीतेंद्र कुमार रमण, सीएफएल प्रभात रंजन, रिजवान हसन, धमेंद्र कुमार चौरसिया, अनिल शर्मा, मो आरिफ, नवकांत, आशुतोष कुमार सहित अन्य कार्यालय कर्मी मौजूद थे।
सभी संस्थानों में नि:शुल्क जांच व उपचार का है इंतजाम
सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कुष्ठ रोग को नियंत्रित करने के उद्देश्य से संदेश व संकल्प का पाठ कर अस्पृश्यता की शपथ दिलायी गयी है। कार्यक्रम में कुष्ठ रोग को जड़ से खत्म करने के लिये मरीजों के इलाज के साथ भेदभाव व छूताछूत की भावना से दूर रहकर उन्हें हर संभव सहयोग का स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मियों ने संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी संस्थानों में कुष्ठ रोग की जांच व इलाज का समुचित इंतजाम है। जो पूरी तरह नि:शुल्क है। रोग से जुड़े किसी तरह का संदेह होने पर उन्होंने तत्काल जांच कराने की अपील लोगों से की।
13 फरवरी तक संचालित होगा विशेष जागरूकता अभियान
डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक लक्षणों के आधार पर कुष्ठ की पहचान बेहद आसान है। इसका पूर्ण इलाज संभव है। जिले को कुष्ठ मुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आगामी 13 फरवरी स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान संचालित किया जायेगा। ताकि समुदाय को इसके संभावित खतरों के प्रति जागरूक किया जा सके। डीएनटी जीतेंद्र कुमार रमण ने बताया कि कुष्ठ उन्मूलन संबंधी प्रयासों की मजबूती के लिये संचालित विशेष जागरूकता अभियान के क्रम में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समुदाय को रोग से बचाव व इसके उपचार संबंधी उपलब्ध इंतजामों के प्रति जागरूक किया जायेगा। इस क्रम में जिले के सभी प्रखंडों के चिह्नित एक हाई स्कूल व एक मीडिल स्कूल में स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसमें सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किये जाने की जानकारी उन्होंने दी।






















