नजरिया न्यूज़ पूर्णिया। ऋषि कपूर।
टीकापट्टी गरीबघाट का कुआं, कभी इस क्षेत्र के लोगों की प्यास ही नहीं बुझाता था, बल्कि इसके पानी इतने मीठे एवं रोगो को दूर करनेवाले होते थे कि दूर-दूर से लोग यहां से पानी लेने आते थे । टीकापटी के गरीब घाट कदईधार के पास गरीबघाट हरनाहा सडक के किनारे, यह कुआं अवस्थित है तथा आज भी इसके उपर इसे बनवानेवाले दिवंगत बाबूलाल मंडल का नाम लिखा हुआ है । इस संबंध में इसकी स्थापना करनेवाले के लगभग 65 वर्ष की उम्र के भतीजा दिनेश मंडल ने बताया कि उनके बडे पिताजी दिवंगत बाबूलाल मंडल ने इस कुआं का निर्माण 1956 में करवाया था । तब यहां ना तो चापाकल था और ना ही पानी पीने के और कोई साधन । लोगों के प्यास बुझाने का एकमात्र यही कुआं था ।
तब लोग खेतों में काम करनेवाले मजदूर, किसान इसी कुआं पर आकर अपनी प्यास बुझाते थे । जब सरकार द्वारा कुआं के जीर्णोद्धार की बात सामने आयी तथा कई कुआं का जीर्णोद्धार किया भी गया, परंतु इसे छोड दिया गया । जबकि इस कुआं के पानी की चर्चा कोसों दूर तक होती थी । उन्होंने सरकार से मांग की कि वह इस कुआं का जीर्णोद्धार करवाए, ताकि इससे मीठा पानी लोग पी सकें तथा लोगों को रोगमुक्त पानी मिल सके । मौके पर धूसर टीकापट्टी के मुखिया प्रतिनिधि कालेश्वर मंडल ने बताया कि जब वे अपने पंचायत में कुआं का जीर्णोद्धार करवा रहे थे, तब इसकी बता सामने आयी थी, परंतु इस कुआं के मालिक ने यह कहकर मना कर दिया था कि जीर्णोद्धार होने से यह सरकार का हो जाएगा, इसलिए नहीं हो पाया था । अगर दिनेश मंडल तैयार हैं, तब उसका जीर्णोद्धार कर दिया जाएगा ।






















