दरभंगा /कुशेश्वरस्थान
(गोविन्द कुमार )
कुशेश्वरस्थान प्रखंड क्षेत्र में निर्माणाधीन झझरा परकोलिया सड़क के निर्माण कार्य में हो रहे अनियमितता के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने संवेदक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। समाजसेवी त्रिभुवन कुमार एवं बिनोद कुमार यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण कार्य में संवेदक पर प्राक्कलन का अनदेखी करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राक्कलन में सड़क के 12.5 फीट चौड़ाई में तीन इंच मोटा गिट्टी और मोरन चुर्ण का मिश्रण बिछाकर उस पर रोलर से अच्छी तरह दबाने का प्रावधान है। लेकिन संवेदक एक इंच से कम गिट्टी और मोरन चुर्ण का मिश्रण डालकर रोलर से दबा दिया गया। कायदे के अनुसार न तो पानी का छिड़काव किया न ही ढ़ंग से रोलर चलाया गया।
ग्रामीणों के प्राक्कलन के अनुसार काम करने का आग्रह का संवेदक पर कोई असर नहीं पड़ रहा है और मनमानी ढ़ंग से काम कर रहा है। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने चिगरी गांव के निकट संवेदक का पुतला दहन किया। ग्रामीणों ने एलान किया कि प्राक्कलन के अनुसार निर्माण कार्य नहीं होने पर विरोध में धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस संबंध में पूछे जाने पर ग्रामीण कार्य विभाग बिरौल के कनिय अभियंता मो0 न्याज आलम ने बताया कि कुछ लोग सड़क निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। अगर निर्माण कार्य घटिया हो रहा है या प्राक्कलन के अनुसार नहीं होता है तो इसका जांच करा लें। लेकिन काम को बाधित करना उचित नहीं है। मौके पर जिला परिषद सदस्य गुणेश्वर ठाकुर, मुखिया विरेन्द्र चौपाल, सरपंच इंद्रकांत पासवान, थिएटर यादव, नीतीश कुमार, विजय यादव, इंदल यादव, कमलेश यादव, ओम प्रकाश चौपाल, बोन लाल यादव, सुशील कुमार, विपिन कुमार, सहित अनेक मौजूद थे।




















