- दो दिवसीय शहीद जवान नीरज छेत्री वॉलीबाल टूर्नामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
- उपकमांडेंट आनंद प्रकाश यादव तथा पीएन सिंह के द्वारा आगंतुक अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया।
रंजन राज कुर्साकांटा। संवाददाता।
शुक्रवार को कुर्साकांटा प्रखंड स्थित एसएसबी कंपनी कुआड़ी अन्तर्गत गरैया मोड़ के समीप एसएसबी 52वीं वाहिनी मुख्यालय अररिया तथा नेहरू युवा केंद्र संगठन अररिया की ओर से दो दिवसीय शहीद जवान नीरज छेत्री वॉलीबाल टूर्नामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि उपकमांडेंट आनंद प्रकाश यादव, विशिष्ट अतिथि सिकटी विधायक सह मुख्य सचेतक विजय कुमार मंडल, भाजपा युवा नेता रमेश कुमार यादव, नेपाल एपिएफ़ डीएसपी विश्वनाथ जीसी तथा नेहरू युवा केंद्र संगठन के सुधांशु त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात उपकमांडेंट आनंद प्रकाश यादव तथा पीएन सिंह के द्वारा आगंतुक अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। मौजूद एसएसबी अधिकारियों ने भी उपकमांडेंट को बुके प्रदान कर उनका स्वागत किया।
मंच का सफल संचालन एसएसबी जवान सुरेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहीद एसएसबी जवान नीरज छेत्री को सम्मान, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा नया भारत सशक्त भारत पर आधारित था। कार्यक्रम के शुभारंभ में ‘शहीद नीरज छेत्री’ के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
अपने पहले संबोधन में उपकमांडेंट आनंद प्रकाश यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को एक धागे में पिरोने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि शहीद एसएसबी जवान नीरज छेत्री के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के माध्यम से यहां के लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा अपने राष्ट्र के प्रति देशभक्ति की भावना जागृत करना है। इसमें कई गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिसके माध्यम से लोग लाभांवित होंगे। उन्होंने कहा कि हम एसएसबी आपके अपने हैं, हमें बेगाना ना समझे। एसएसबी सीमा पर सेवा, सुरक्षा तथा बंधुत्व का भाव लिए खड़ी है और उसी की बानगी है कि एसएसबी सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को ध्यान में रखकर कई तरह का कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। इस दौरान उन्होंने शहीद जवान नीरज छेत्री के जीवनी तथा उनके अदम्य साहस की जानकारी से लोगों को अवगत कराया। विधायक विजय कुमार मंडल ने कहा कि सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ एसएसबी सीमा पर बसे लोगों के लिए शिक्षा व रोजगार जागरुकता अभियान भी चला रहें हैं। वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास के तहत रोजगार के अवसर प्रदान कर नागरिकों क़ा दिल भी जीत रहे हैं। सीमा के ये प्रहरी युवाओं को टेलरिग सहित अन्य ट्रेड से जुड़े कौशल विकास में योगदान दे रहे हैं। वे जय जवान जय सीमावासी अभियान के तहत यह कार्यक्रम चला रहे हैं।






















