रंजन राज कुर्साकांटा संवाददाता। कुर्साकांटा प्रखंड के ऐतिहासिक धर्मस्थल सुन्दरनाथ धाम में शनिवार की संध्या सुंदरी मठ न्यास समिति की बैठक हुई। यह वर्ष 2024 की अंतिम बैठक थी। इसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह विधायक विजय कुमार मंडल व संचालन सदस्य एचके सिंह ने किया।
बैठक में अंचल अधिकारी आलोक कुमार, प्रभारी अंचल निरीक्षक कमरुल होदा, अंचल अमीन, राजस्व कर्मचारी, पूर्व उप प्रमुख मुन्ना मंडल, मुखिया प्रतिनिधि महेश साह, कुआड़ी, सोनामणि गोदाम थाना की पुलिस, समिति के सचिव नरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष प्रणव गुप्ता, महंथ सिंघेश्वर गिरि, सदस्य विजय केशरी, रामदेव सरदार, रामप्रसाद शर्मा, मनोज भगत, छोटू साह, किशोर सिंह, भानू सिंह, सुभाष साह आदि थे। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि एक जनवरी 2024 से कई धार्मिक अनुष्ठानों के शुक्ल में वृद्धि की जायेगी।
पूर्व से निर्धारित प्रति बच्चे मुंडन शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये, प्रति श्रद्धालु हवन शुक्ल 100 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये, रुद्राभिषेक शुल्क 250 से बढ़ाकर 500 रुपये, उपनयन शुल्क प्रति बड़वा 250 से बढ़ाकर 500 रुपये तथा शुभ विवाह शुल्क 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये निश्चित किया गया।
इसके सिवाय यात्री शेड किराया भी बढाने पर सहमति बनी। जबकि दो पहिया व चार पहिया वाहन शुल्क पूर्ववत रखा गया। इस अवसर पर मकर संक्रांति की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा कर कई आवश्यक निर्णय लिये गए। विधायक श्री मंडल ने कहा कि आगामी महाशिवरात्रि तक धाम में कई विकास व सौंदर्यीकरण कार्य पूरे कर लिये जाएंगे। विधायक ने कहा कि सबों के आर्थिक सहयोग व मंदिर कमेटी के प्रयास से सुन्दरनाथ धाम नित्य दिव्यता की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले श्रावणी पूर्णिमा महोत्सव से पहले यह धाम बिहार सरकार से सरकारी मेला घोषित हो गया है।
अब इस धाम को पर्यटन स्थल के रुप मे भी मान्यता मिल चुका है। बैठक के उपरांत विधायक ने सीओ व सरकारी अमीन के साथ धाम के पूरब स्थित श्रीराम-जानकी कुटी के समीप पंचायत सरकार भवन निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। विधायक ने पूरे परिसर का भी निरीक्षण किया एवं कमेटी के लोगों को कई निर्देश दिया।






















