नजरिया न्यूज सिकटी संवाददाता रंजन राज।
सिकटी थाना पुलिस ने संध्या गश्ती के दौरान 239 बोतल नेपाली शराब जब्त की, हालांकि तस्कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहा। जानकारी देते थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार प्रसाद ने बताया कि संध्या शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुअनि राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पूर्वी क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग नेपाल से शराब लेकर सैदाबाद कॉलोनी की ओर आ रहे हैं।सूचना के सत्यापन के लिए सैदाबाद कॉलोनी पहुंचा और देखा गया कि दो व्यक्ति सिर पर बोरी उठाए आ रहे हैं। पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों व्यक्तियों ने बोरी फेंकी और तेजी से नेपाल की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए। इधर बोरियों की तलाशी ली गई, जिसमें से एक बोरी में 30 बोतल नेपाली फाईटर देशी शराब (प्रत्येक बोतल 300 एमएल, कुल 9 लीटर) और 90 बोतल नेपाली रेशम लिची शराब (प्रत्येक बोतल 300 एमएल, कुल 27 लीटर) बरामद हुई।
दूसरी बोरी से 29 बोतल नेपाली फाईटर शराब (प्रत्येक बोतल 300 एमएल, कुल 8.7 लीटर) और 90 बोतल नेपाली रेशम लिची शराब (प्रत्येक बोतल 300 एमएल, कुल 27 लीटर) बरामद की गई। कुल 239 बोतलों में 71.7 लीटर शराब बरामद की गई।शराब की जब्ती सूची तैयार कर पुअनि के आवेदन पर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मद्य निषेध की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।






















