रंजन राज नजरिया न्यूज सिकटी संवाददाता।सिकटी प्रखंड क्षेत्र के फुटानी चौक से पश्चिम दहगामा व बेंगा फीडर के निकट ट्रांसफार्मर पर शुक्रवार की देर शाम बिजली के ग्यारह हजार वोल्ट की तार की चपेट में आने से एक बिजली मिस्त्री की मौत घटना स्थल पर हो गई।
मृतक सिकटी थाना क्षेत्र के आमगाछी पंचायत अन्तर्गत 24 वर्षीय निरंजन पासवान पिता भदरु पासवान वार्ड संख्या नौ उफ़रैल बाजार का निवासी बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते हीं सिकटी थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार प्रसाद घटना स्थल पर पहुंचकर स्तिथि का अवलोकन कर शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल अररिया भेज दिया।
घटना शुक्रवार की संध्या की है। इधर शनिवार की सुबह बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उफ़रैल चौक के ग्रामीणों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड को जाम कर विभाग के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने सड़क के चारों तरह जाम कर यातायात अवरुद्ध कर दिया।
वहीं जमकर विभाग व सिकटी जेई के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल राजेश पासवान, रामप्रीत पासवान, संतोष पासवान, महेंद्र पासवान, कटोरिया देवी, बबली देवी, काजल देवी, पुतुल देवी, सुलेखा देवी, देवंती देवी, शंभू पासवान, भुवन राय, हरिओम राय, चंदन राय आदि ने बताया कि ऐसी घटना बिजली विभाग व जेई की लापरवाही से घटी है।
जब बिजली मिस्त्री पोल पर बिजली आपूर्ति बहाल के लिए चढ़ा था तो किस आधार पर शटडाउन प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। आखिर उस समय जेई कहा था ग्रामीणों ने कहा कि विभाग द्वारा बिजली मिस्त्री को सुरक्षा किट भी नहीं दिया गया है। यदि विभाग द्वारा बिजली मिस्त्री को सुरक्षा किट प्रदान किया जाता तो ऐसी वीभत्स घटना घटित नहीं होती।
मौजूद लोगों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा वरीय अधिकारियों के आने की बात पर अड़े रहें। घटना की जानकारी मिलते हीं सिकटी बीडीओ परवेज आलम, सीओ मनीष कुमार चौधरी, थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि मो जमाल, पैक्स अध्यक्ष भवेश कुमार राय सहित अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच पीड़ित परिवारों तथा प्रदर्शनकारियों को समझाया। लेकिन सभी अपनी मांग पर डटे रहें। आक्रोश प्रदर्शन कर रहें लोगों ने कहा कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा मुआवजा की राशि का आश्वासन पर हीं जाम हटाया जाएगा।अधिकारियों ने कहा कि मृतक के परिवार को यथासंभव सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि मृतक के परिवार वालों के साथ हम सभी खड़े हैं। काफी समझाने बुझाने के बाद जाम हटवाया गया और यातायात बहाल किया जा सका।
इधर बिजली विभाग के अधिकारियों की माने तो बिजली मिस्त्री फुटानी चौक के निकट बिजली लाइन चालू करने के लिए खंभे पर चढ़ा था। आसपास के सभी क्षेत्रों में बिजली थी। लेकिन खोरगाछ, गदहकाट और पनभिजवा सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित थी। जिसे ठीक करने के लिए वह पोल पर चढ़ा था। बताया जाता है कि मिस्त्री निरंजन बिना आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किए ही बिजली के पोल पर चढ़ गया।
जबकि मिस्त्री के पोल पर चढ़ने से पहले बिजली बंद करने के लिए (शटडाउन) की प्रक्रिया में चूक कैसे हुई और हादसा का कारण क्या रहा, लोगों ने कहा कि सिकटी के जेई लगभग पांच सालों से दहीं की तरह प्रखंड कार्यालय में जमा हुआ है विभाग आखिर इनका तबादला क्यों नहीं करती है मुखिया प्रतिनिधि मो़ जमाल ने बताया कि जेई को फोन करते हैं तो कभी फोन तक रिसीव नहीं करते हैं लोगों ने लापरवाही बरतने वाले जेई बिमल साहा की तबादला करने की मांग जिलाधिकारी से की है।






















