ईडी कर रही मनी लांड्रिंग और सीबीआई कर रही अनियमितता की जांच – अधर में आरोपपत्र
दुर्केश सिंह, संपादकीय प्रभारी, नजरिया न्यूज, 09अगस्त।
दिल्ली सरकार के ख्यातिलब्ध शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया को जमानत मिल गई है।दिल्ली आबकारी नीति कथित घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मनीष सिसोदिया की जमानत 8अगस्त को सुप्रीम कोर्ट से मिली। मनीष सिसोदिया को जमानत मिलने पर AAP सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा सूप्रिम कोर्ट के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है। मीडिया से बातचीत करते हुए राघव चड्ढा ने कहा: “दिल्ली शिक्षा क्रांति के नायक मनीष सिसोदिया जी को बेल मिलने से पूरे देश में आज ख़ुशी है। मैं सुप्रीम कोर्ट का हृदय की गहराई से आभार व्यक्त करता हूँ। मनीष जी को 530 दिन तक जेल की सलाख़ों के पीछे रखा गया। उनका जुर्म इतना था कि उन्होंने गरीबों के बच्चों को एक बेहतर भविष्य दिया।प्यारे बच्चों, आपके मनीष अंकल वापिस आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मनीष सिसोदिया को रद की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के निर्माण व कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं में संलिप्तता के लिए 26 फरवरी, 2023 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।
ईडी ने उन्हें नौ मार्च 2023 को सीबीआई की प्राथमिकी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। मनीष सिसोदिया ने 28 फरवरी, 2023 को दिल्ली मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। उक्त आरोप में 17महीने से मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि सत्य की जीत है मनीष सिसोदिया की जमानत। वहीं हरियाणा AAP के नेता अनुराग ढांडा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि देश में शिक्षा क्रांति को दबाने की बीजेपी की सभी साजिश नाकाम हो गई हैं।मनीष सिसोदिया के बाहर आने से पूरे देश में बदलाव की लहर तेज़ होगी। सभी देशवासियों को जीत के पहले पडाव की शुभकामनाएं। अब जल्द ही अरविंद केजरीवाल भी हमारे बीच होंगे।
आप के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने मनीष सिसोदिया को जमानत मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे सत्य की जीत और आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बड़ी राहत बताया।
संजय सिंह ने कहा कि मनीष सिसोदिया को 17 महीनों तक जेल में रखने की कोई सच्चाई या ठोस सबूत नहीं थे।
संजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हुए कहा, “हमारी पार्टी के नेताओं को जबरन जेल में डाला गया था। अब मनीष सिसोदिया को जमानत मिलने से हर कार्यकर्ता उत्साहित है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन भी जल्द जेल से बाहर आएं। यह केंद्र सरकार की तानाशाही पर एक बड़ा तमाचा है।” उन्होंने आगे कहा कि यह आम आदमी पार्टी और दिल्ली की जनता के लिए बहुत बड़ी राहत की बात है। संजय सिंह ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मनीष सिसोदिया के बर्बाद हुए 17 महीनों का हिसाब देंगे या नहीं।





















