विजुअल आर्ट फाउंडेशन के द्वारा 16वें शारदीय नवरात्र महोत्सव “सृजनोत्सव” में दिखा हीरो राजन कुमार के मंच संचालन का जादू
**देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों को मिला सम्मान
दलसिंहसराय/समस्तीपुर
(राज कुमार सिंह)
विजुअल आर्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को अनन्या रिज़ॉर्ट, दलसिंहसराय में 16 वें शारदीय नवरात्र महोत्सव “सृजनोत्सव” का आयोजन किया गया।समारोह में कला, संस्कृति, सामाजिक सहभागिता और धार्मिक परम्पराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
वंही हिंदी फ़िल्मों के नायक हीरो राजन कुमार ने अपनी विशेष एंकरिंग से सबका दिल जीत लिया। इस अवसर पर राजन कुमार सहित कई हस्तियों को “कला सम्मान” से नवाजा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक संजीव कुमार चौरसिया, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, विधान पार्षद तरुण कुमार चौधरी, अनिल सिंह, बिनोद कुमार समीर सहित अन्य गण्यमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दिप प्रज्वलित कर किया।मंच संचालन हीरो राजन कुमार, उत्सव जायसवाल एवं प्रो संजीव प्रकाश ने किया।
इस दौरान कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों एवं कला संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।यहां की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार निरन्तर प्रयासरत है।साथ ही उन्होंने कहा कि यहां महाकवि विद्यापति की पावन धरती पर पूजा समितियों एवं कलाकारों को सम्मानित करना उनके लिए गौरव और हर्ष का विषय है।पूजा समितियां अपनी रचनात्मकता ,समर्पण एवं सामाजिक सहभागिता से सांस्कृतिक परम्पराओं को जीवंत बनाए रखती है।वंही कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज और संस्कृति को नई पहचान देते हैं।उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के दौरान फाउंडेशन की ओर से सभी अतिथियों को माला, चादर, पाग एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।वंही बच्चों के द्वारा भी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।
कला के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बिहार के चार्ली चैपलिन द्वितीय के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हीरो राजन कुमार को यह सम्मान मिला जिसके लिए उन्होंने विजुअल आर्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष मो. सुलेमान, उत्सव जयसवाल, संजीव जी का आभार जताया।
विजुअल आर्ट फाउंडेशन की स्थापना 2011 में की गई थी। यह संस्था धार्मिक और कलात्मक कार्यक्रम का आयोजन करके कलाकारों, मूर्तिकारों, पूजा समिति और पुरोहितों को विगत 15 वर्षो से सम्मानित करती आ रही है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई प्रख्यात कलाकारो ने इस मंच से अपनी प्रस्तुत पेश की है। स्थानीय व अन्य लोक कलाकारो को पहचान दिलाने और उस पहचान के आधार पर राज्य स्तर पर उन्हें सम्मानित करना इस संस्था का मूल उद्देश्य है। संस्था कई अन्य कार्यक्रम के द्वारा बच्चो और युवाओं को कला के प्रति जागरूक करती रहती है।
विजुअल आर्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष मोहम्मद सुलेमान ने फिल्म अभिनेता हिंदी फिल्म नमस्ते बिहार, शहर मसीहा नहीं, लहरिया कट, जुनूनी मर्डर, बांके बिहारी के हीरो राजन कुमार को बेहतरीन मंच संचालन के लिए विशेष धन्यवाद दिया और कहा कि कई फ़िल्मों, टेलीवीज़न धारावाहिक के नायक हीरो राजन कुमार न केवल बेहतरीन मंच संचालक हैं बल्कि कला के प्रति उनका लगाव, कलाकारो को सम्मानित करने का उनका जज़्बा सराहनीय है।
बिहार फिल्म ऐंड टेलीवीज़न आर्टिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट के फाउंडर अध्यक्ष हीरो राजन कुमार ने बड़े ही गर्व से कहा की सृजनोत्सव 2026 एक ऐसा कार्यक्रम सिद्ध हुआ जहां कला सृजन का उत्सव मनाया गया। मेरे लिए यह दोहरी खुशी का कारण रहा क्योंकि न केवल मुझे इसकी एंकरिंग करने का अवसर मिला बल्कि कला सम्मान से भी मुझे सम्मानित किया गया। मैं विजुअल आर्ट फाउंडेशन की ओर से देश भर से आये कलाकारों एवं विशेष कर बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी जी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं साथ ही कहना चाहता हूं कला एक ऐसा माध्यम है जिससे समाज में एक सुखद बदलाव लाया जा सकता है।

















