- सफल पांच छात्र व पांच छात्राएं राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में होंगे शामिल
- जागरूकता के अभाव में कम उम्र के युवा व किशोरों के संक्रमित होने का खतरा अधिक
अररिया, 19 जुलाई ।
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी से प्राप्त मार्गदर्शन के आलोक में जिला एड्स बचाव व नियंत्रण इकाई द्वारा शुक्रवार को जिला स्तरीय रेड रन मैराथन का आयोजन किया गया। रेड रिबन क्लब व राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मैराथन दौड़ में अररिया कॉलेज अररिया, फारबिसगंज कॉलेज फारबिसगंज व श्री फणीश्वरनाथ रेणु इंजीनियरिंग कॉलेज सिमराहा के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसे लेकर अररिया कॉलेज परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अररिया कॉलेज अररिया के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार पाठक ने हरी झंडी दिखाकर पांच किलोमीटर लंबी इस मैराथन दौड़ का उद्द्घाटन किया।
किशोरों के संक्रमित होने की संभावना अधिक
अररिया कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार पाठक ने बताया कि जानकारी व जागरूकता एचआईवी एड्स से बचाव का एक मात्र जरिया है। जागरूकता के अभाव में कम उम्र के युवा व किशोरों का एचआईवी संक्रमित होने का खतरा अधिक रहता है। लिहाजा रोग के कारण व इससे बचाव संबंधी उपायों के प्रति उनका जागरूक होना जरूरी है। महाविद्यालयों के छात्रों को समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इसके प्रति जागरूक करने का प्रयास लगातार जारी है। रेड रिबन मैराथन भी इसी का एक हिस्सा है।
सफल प्रतिभागीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के रिसोर्स पर्सन असीम झा व अभिषेक कुमार ने कार्यक्रम के दौरान इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी साझा किया। इस क्रम में जिला एड्स नियंत्रण व बचाव इकाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह व अररिया महाविद्यालय अररिया के राष्ट्रीय सेवा योजना पदाधिकारी प्रो मुकेश कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत किया। डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि जिलास्तरीय मैराथन दौड़ के सफल पांच छात्र व छात्राएं आईआईटी बिहटा, पटना में आयोजित राज्य स्तरीय मैराथन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। मैराथन दौड़ के समापन के पश्चात उपस्थित अतिथियों ने सभी सफल प्रतिभागियों व विभिन्न महाविद्यालय के नोडल अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
किशोर व किशोरी वर्ग में सफल प्रतिभागी पुरस्कृत
मैराथन दौड़ में किशोरी वर्ग में श्री फणीश्वर नाथ रेणु इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा विभा कुमार प्रथम, मुस्कान कुमारी द्वितीय, रंजिता कुमारी तृतीय, अररिया महाविद्यालय की छात्रा ईशा कुमारी चतुर्थ व श्री फणीश्वर नाथ रेणु इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा खुशी कुमारी पांचवें स्थान प्राप्त किया। वहीं किशोर वर्ग में अररिया कॉलेज के छात्र विकास कुमार प्रथम, अभिषेक कुमार द्वितीय, यादव कॉलेज अररिया के छात्र जुबैर बैठा तृतीय, फारबिसगंज कॉलेज के छात्र सुमित कुमार सिंह व राहुल कुमार मंडल को क्रमश: चौथा व पांचवें स्थान पर रहे।






















