अशोक सिंह सुबेदार, विशेष संवाददाता, मुंबई, 22मार्च।
फ्यूचर गेमिंग एंड होटल सर्विसेज़ ने इलेक्टोरल बॉन्ड की सबसे बड़ी खेप अक्टूबर 2021 में ख़रीदी जब उसने 195 करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बॉन्ड ख़रीदे।
जनवरी 2022 में दो बार में इस कंपनी ने 210 करोड़ रुपये के चुनावी बॉन्ड ख़रीदे। इस कंपनी की सबसे हालिया ख़रीद इस साल जनवरी में की गई जब उसने 63 करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बॉन्ड ख़रीदे। फ्यूचर गेमिंग एंड होटल सर्विसेज़ प्राइवेट लिमिटेड को 30 दिसंबर 1991 में बनाया गया था।
इस कंपनी का रजिस्टर्ड पता तमिलनाड के कोयम्बटूर में है, लेकिन इसका वो पता जहाँ खाते की किताबें रखी जाती हैं वो कोलकता में है।ये कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड नहीं है।
इस कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक़ फ्यूचर गेमिंग एंड होटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को पहले मार्टिन लॉटरी एजेंसीज लिमिटेड के नाम से जाना जाता था।
इस जानकारी के मुताबिक़ ये कंपनी दो अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के कारोबार के साथ भारत के लॉटरी उद्योग में अग्रणी खिलाड़ी है।





















