- फारबिसगंज रेलवे यार्ड से जोगबनी रेलवे स्टेशन तक होगा आयोजन, भारत-नेपाल के प्रशासनिक पदाधिकारी होंगे शामिल, नुक्कड़ नाटक व पुरस्कार वितरण भी होगा।
फारबिसगंज/जोगबनी (अररिया)। नशा मुक्ति एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन फारबिसगंज की ओर से आगामी 28 नवंबर को एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली फारबिसगंज रेलवे यार्ड से प्रारंभ होकर जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर तक पहुंचेगी।
इस जागरूकता अभियान में भारत-नेपाल मैत्री एवं आपसी समन्वय के तहत नेपाल प्रशासन के पदाधिकारी तथा अररिया जिला प्रशासन के अधिकारी भी हिस्सा लेंगे। साइकिल रैली के माध्यम से आम लोगों, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया जाएगा।
रैली के जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर पहुंचने के बाद कार्यक्रम का समापन जागरूकता गतिविधियों के साथ होगा। इस अवसर पर नशा मुक्ति एवं बाल विवाह के खिलाफ संदेश देने वाला नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

















