- 751 गांवों और शहरी क्षेत्रों में गूंजेगा जागरूकता का संदेश, संकल्प होगा—न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे।
बथनाहा,अररिया। विश्व बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर जागरण कल्याण भारती के नेतृत्व में जिला प्रशासन, जिला न्यायालय, एसएसबी की 52वीं एवं 56वीं बटालियन, एसएसबी बथनाहा, आईसीपी जोगबनी और आरपीएफ कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत अररिया जिले के 751 गांवों, नगर परिषद एवं पंचायतों सहित 300 प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के दौरान शाम 6 बजे नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और स्कूली बच्चों को बाल विवाह मुक्त अररिया बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही कैंडल मार्च और जागरूकता रैलियों के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ संदेश दिया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं न्यायिक पदाधिकारियों, एसएसबी, आईसीपी जोगबनी और आरपीएफ के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान बाल विवाह रोकने में साहसिक पहल करने वाली किशोरियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहयोगियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
संस्था ने जिलेवासियों और अभिभावकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
संदेश साफ है—बचपन को बचाना है, बाल विवाह मिटाना है। न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे।


















