- रेड क्रॉस सोसाइटी, मोतिहारी ने छह माह तक प्रत्येक माह फूड बास्केट उपलब्ध कराने का लिया संकल्प
नजरिया न्यूज़, मोतिहारी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जिले में गति देने के उद्देश्य से बुधवार को रेड क्रॉस सोसाइटी, मोतिहारी परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टीबी से ग्रसित 150 मरीजों के बीच फूड बास्केट (पोषण आहार) का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी चम्पारण के अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) श्री शैलेन्द्र कुमार भारती उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी सदस्य-सह-आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री विकास कुमार तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री शैलेन्द्र कुमार भारती ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समय पर स्क्रीनिंग, नियमित जांच और निर्धारित उपचार बेहद आवश्यक हैं। इसके साथ ही पोषणयुक्त आहार टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर भी बल दिया।
वहीं आईएमए के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि टीबी का प्रभावी उपचार केवल दवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि संतुलित पोषण, नियमित इलाज और सामाजिक सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सक्षम लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से आगे आकर निक्षय मित्र बनने तथा टीबी मरीजों की सहायता करने की अपील की।
रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से जानकारी दी गई कि संस्था 150 टीबी मरीजों को अगले छह माह तक प्रत्येक माह फूड बास्केट (पोषण आहार) उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण सहायता प्रदान करना और उनके स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के चिकित्सा पदाधिकारी श्री अशोक कुमार, प्रधान सहायक रूपक वर्मा, लैब टेक्नीशियन रणजीत कुमार श्रीवास्तव, अमोद कुमार, सुजीत कुमार तथा सहायक मोतीलाल पासवान एवं सुरेश चौधरी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


















