नजरिया न्यूज़, अररिया। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था के संधारण और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान भू-समाधान पोर्टल पर प्राप्त एवं लंबित मामलों, उत्पाद विभाग से संबंधित कार्यों, थानों में सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन एवं उनकी कार्यशीलता, खनन विभाग की कार्रवाई, नीलाम पत्र वादों के निष्पादन तथा चरित्र एवं शस्त्र सत्यापन से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
भूमि विवाद के मामलों के समाधान पर जोर
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भू-समाधान पोर्टल पर दर्ज मामलों की नियमित समीक्षा करने और भूमि विवाद से संबंधित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने पर विशेष जोर दिया।
थानों के सीसीटीवी कैमरे हमेशा रखें चालू
थानों में सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन एवं उनकी कार्यशीलता की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कैमरे सदैव क्रियाशील रहें और इसके लिए नियमित निगरानी की जाए।
अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के निर्देश
उत्पाद एवं खनन विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित विभागों को अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
नीलाम पत्र वादों और सत्यापन कार्यों में लाएं तेजी
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने तथा बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं, चरित्र एवं शस्त्र सत्यापन से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, अपने-अपने विभागों के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा विधि-व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में जवाबदेही सुनिश्चित करें। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


















