नजरिया न्यूज़, अररिया। जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने बुधवार को अररिया प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सहित आरटीपीएस काउंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, बैंक खातों में उपलब्ध राशि, दाखिल-खारिज वादों के निष्पादन और आम लोगों को दी जा रही सरकारी सेवाओं की समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न मदों में किए जा रहे खर्च में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लंबित दाखिल-खारिज आवेदनों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया. वहीं, आरटीपीएस काउंटर की समीक्षा में पाया गया कि सभी आवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर थे.
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने, अभिलेखों का उचित संधारण करने तथा आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
इस मौके पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.


















