- हॉट स्पॉट और टॉप-10 अपराधियों की सूची की समीक्षा, केस डायरी व थाने के अभिलेखों की भी जांच
नजरिया न्यूज़, जोकीहाट (अररिया)।
अररिया के पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को करीब दो घंटे तक जोकीहाट थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की तथा वारंट, कुर्की और इश्तेहार वारंट के निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में एसपी ने अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा कर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने थाना क्षेत्र के हॉट स्पॉट और टॉप-10 अपराधियों की सूची की जांच की। साथ ही संपत्ति मूलक अपराधों की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, स्टेशन डायरी, विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों और संबंधित रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव और थाने की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों की अनुसंधान से संबंधित केस डायरी की जांच की और लंबित मामलों में अनुसंधान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने, वारंट एवं कुर्की से संबंधित कार्रवाई में तेजी लाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने बताया कि थाना का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान विशेष रूप से संपत्ति मूलक अपराधों से जुड़े हॉट स्पॉट की जानकारी ली गई और अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा की गई। उन्होंने जोकीहाट थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की स्थिति पर संतोष जताया।


















