नजरिया न्यूज़, अररिया। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। इस अवैध कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने, अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
औषधि केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने जिला औषधि निरीक्षक को एसएसबी, पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के औषधि केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
एसएसबी की 52वीं वाहिनी अररिया एवं 56वीं वाहिनी बथनाहा को पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही गिरफ्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई तेज करने और इस अवैध कारोबार में संलिप्त मुख्य तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने पुलिस विभाग, मद्यनिषेध विभाग, आईबी एवं एसएसबी सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से खुफिया तंत्र मजबूत करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। विशेष रूप से रात के समय सीमा क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच करने पर जोर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ समय पर दाखिल करें आरोप पत्र
बैठक में पुलिस विभाग को ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध समयबद्ध तरीके से अनुसंधान पूरा करने और न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य ऐसे मामलों में त्वरित न्यायिक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
पंचायत स्तर पर चलेगा जागरूकता अभियान
नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से आम लोगों को जागरूक करने के लिए जिला पदाधिकारी ने पंचायती राज पदाधिकारी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। इस अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, एसएसबी की 52वीं वाहिनी अररिया एवं 56वीं वाहिनी बथनाहा के समादेष्टा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, जिला आईबी पदाधिकारी, जिला औषधि निरीक्षक अररिया एवं फारबिसगंज तथा विशेष शाखा पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


















