- पुल के अभाव में हर साल बरसात में ठप हो जाता है आवागमन, ग्रामीणों ने उठाई निर्माण की मांग
- गजवी वार्ड संख्या 10 को गंजभाग से जोड़ने वाली सड़क बदहाल, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी होती है परेशानी
नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया)।
भरगामा प्रखंड की शंकरपुर पंचायत स्थित गजवी वार्ड संख्या 10 को गंजभाग से जोड़ने वाली सड़क पर पुल नहीं रहने से ग्रामीणों को वर्षों से आवागमन की समस्या झेलनी पड़ रही है। कच्ची और जर्जर सड़क के साथ बीच में जलधारा पर पुल का अभाव इस इलाके के लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। खासकर बारिश के दिनों में पानी भर जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। पानी सूखने के बाद ही लोग दोबारा इस रास्ते से आवाजाही कर पाते हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह मार्ग गजवी और आसपास के गांवों के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से लोग सिमरबनी, फारबिसगंज सहित अन्य स्थानों पर आते-जाते हैं। लेकिन सड़क के बीच पुल नहीं होने के कारण बरसात में लोगों का संपर्क बाधित हो जाता है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है।
बीमारों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली और पुल के अभाव का असर अब सामाजिक जीवन पर भी पड़ने लगा है।
फोटो कैप्शन : गजवी से गंजभाग को जोड़ने वाली जर्जर सड़क, जहां पुल नहीं रहने से बरसात में आवागमन बाधित हो जाता है।
बेहतर आवागमन की सुविधा नहीं रहने के कारण लोग इस गांव में रिश्तेदारी करने से भी कतराने लगे हैं। वहीं, किसी के बीमार पड़ने पर उसे अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज पहुंचाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीण मोहम्मद इम्तियाज, अब्दुल कुद्दूस, डॉ. जसिम, सरवर आलम, शमशाद आलम, नियाजुद्दीन, नईमुद्दीन, मिन्नतुल्लाह, सलाहुद्दीन, जितेंद्र यादव, चानो यादव, कुलो यादव, परमेश्वरी ऋषिदेव एवं सुभाष ऋषिदेव ने बताया कि इस स्थान पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। यदि यहां पुल के साथ सड़क का पक्कीकरण करा दिया जाए तो गजवी, गंजभाग और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिल सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस मार्ग पर जल्द पुल निर्माण कराने तथा सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है।


















