- 200 रुपये का पेट्रोल लेने के बाद ऑनलाइन रसीद मांगने पर विवाद, तीन कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप
नजरिया न्यूव, जोकीहाट (अररिया)। अल्लाम ग़ज़ाली।
जोकीहाट थाना क्षेत्र के केसर्रा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की रसीद मांगने को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक ने पेट्रोल पंप के तीन कर्मचारियों पर लोहे की रॉड से हमला कर सिर फोड़ने का आरोप लगाया है। घायल युवक की पहचान पलासी थाना क्षेत्र की बरहकुम्बा पंचायत के कठौरा वार्ड संख्या 10 निवासी गुफरान आलम (26), पिता मुजाहिद आलम के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अररिया रेफर कर दिया गया।
घायल युवक के अनुसार, बुधवार को दिन के करीब 11:26 बजे वह अपने भांजे के साथ मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए केसर्रा पेट्रोल पंप गया था। वहां उसने 200 रुपये का पेट्रोल लिया। पेट्रोल की मात्रा कम होने का संदेह होने पर उसने ऑनलाइन रसीद मांगी।
आरोप है कि नोजलमैन द्वारा रसीद देने से इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी।गुफरान आलम ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप पर काम करने वाले रवि कुमार ,तस्लीम और फैसल ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।सिर फोड़ दिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए अररिया भेज दिया।घटना की जानकारी मिलते ही जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। घटना के बाद स्थानीय युवाओं में आक्रोश देखा गया।
कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल की मात्रा को लेकर इस पंप पर पहले भी विवाद हो चुका है। जिसको लेकर युवाओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।इस संबंध में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















