नजरिया न्यूज़, अररिया। महाआरती पूजा कमिटी, जिला अररिया के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पनार नदी के तट स्थित त्रिशुलिया घाट पर भव्य महाआरती एवं दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह धार्मिक कार्यक्रम दिनांक 24 नवंबर 2026, मंगलवार, संध्या 5 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में भव्य दीपोत्सव के साथ बनारस से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा बनारस की प्रसिद्ध आरती परंपरा के अनुरूप महाआरती की जाएगी। घाट पर दीपों की रोशनी, भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच यह आयोजन आकर्षण का विशेष केंद्र रहेगा।
कमिटी के अध्यक्ष अधिवक्ता शुभम कुमार चौधरी ने बताया कि इस महाआरती का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपरा एवं आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना तथा समाज के लोगों को श्रद्धा और भक्ति के सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने जिले के सभी सनातनी श्रद्धालुओं से सपरिवार इस भव्य महाआरती एवं दीपोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और पुण्य के सहभागी बनने की अपील की।
महाआरती पूजा कमिटी, जिला अररिया की ओर से सभी सनातनी श्रद्धालुओं को इस भव्य धार्मिक आयोजन में सादर आमंत्रित किया जाता है।














